76.59 करोड़ से बनेगी भादवामाता जावद अठाना सरोदा चड़ोल सड़क



- केंद्रीय मंत्री गडकरी एवं मुख्यमंत्री चौहान ने किया 5722 करोड़ की 11 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास

नीमच (नईदुनिया प्रतिनिधि)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा गुरुवार को उज्जैन में 5722 करोड़ लागत की विभिन्ना 11 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसमें जिले की 76.59 करोड लागत की 49.86 किमी लम्बी भादवामाता, सरवानिया महाराज, जावद, अठाना, सरोदा एवं चडोल की सड़क परियोजना भी शामिल है। इस मौके पर उज्जैन में मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, दिलीप सिंह परिहार, विधायक अनिरूद्ध मारू व प्रदेश के मंत्रीगण तथा निर्वाचित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

शहर के जिला पंचायत सभाकक्ष में उज्जैन से सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। इस मौके पर जिला पंचायत प्रधान अवंतिका जाट, कलेक्टर मंयक अग्रवाल, एडीएम नेहा मीना, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण एमएस चौहान, सांसद प्रतिनिधि वीरेंद्र पाटीदार, दिनेश परिहार, धनसिंह केथवास एवं मोहन सिंह राणावत आदि जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शहर के जिला पंचायत सभाकक्ष, भादवामाता मंदिर परिसर में एसडीएम डा. ममता खेडे की उपस्थिति में व जावद विकासखंड मुख्यालय पर एसडीएम राजेंद्र सिह की उपस्थिति में किया गया। प्रारंभ में जिला पंचायत प्रधान जाट एवं कलेक्टर अग्रवाल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विभिन्ना विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं जिले की विभिन्ना ग्राम पंचायतों से आए पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक आदि उपस्थित थे।

कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण ने बताया कि जिले की नीमच तहसील में स्थित ग्राम भादवामाता प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मालवा की वैष्णोदेवी महामाया भादवामाता से यह सड़क मार्ग प्रारंभ होकर उंचेड, किशनपुरा, थडौली, जावी, सरवानिया महाराज, बरखेडा चौहान, नानपुरिया, जावद, अठाना, तुम्बा, ढ़ाणी, सरोदा होते हुए जावद तहसील के चड़ौल ग्राम में राजस्थान सीमा पर समाप्त होता है। यह मार्ग नीमच सिंगोली राज्य मार्ग पर नगरपालिकाए परिषद सरवानिया महाराज में मिलता है। यह जिले की दो बडी कृषि उपज मंडी नीमच एवं जावद को जोडता है। यह मार्ग जावद तहसील मुख्यालय होते हुए राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले को जोड़ता है। इस मार्ग के समीप सुवाखेडा खदान, ग्राम खोर में विक्रम सीमेंट फेक्ट्री एवं प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सुखानंद स्थित है। इस मार्ग के बनने से कृषकों को अपनी उपज नीमच एवं जावद मंडी लाने, ले जाने में सुगमता होगी। साथ ही धार्मिक स्थल भादवामाता एवं सुखानंद तीर्थ स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता होगी।

टिप्पणियाँ

लोकप्रिय पोस्ट