कानपुर। 28 मई लगभग 200 महिलाओं व किशोरियों को वितरित किए गए सेनेटरी पैड। समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था नमस्कार ह्यूमैनिटी वेलफेयर सोसाइटी, जो कि 12A एवं 80G पंजीकृत गैर-सरकारी संस्था है, निरंतर शिक्षा, खाना वितरण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पशु कल्याण एवं स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कार्य कर रही है। संस्था के संस्थापक अनुराग सिंह के नेतृत्व में यह संगठन समाज के वंचित वर्गों के लिए निरंतर सकारात्मक प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में संस्था द्वारा (Menstrual Hygiene Day) के अवसर पर एक विशेष मासिक धर्म चक्र जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य था किशोरियों और महिलाओं में माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना, स्वच्छता संबंधी जानकारी देना, तथा इस दौरान होने वाली संक्रमण, यूटीआई जैसी बीमारियों के प्रति जागरूक करना। कार्यक्रम के अंतर्गत संस्था की टीम ने स्लम क्षेत्र में जाकर लगभग 200 महिलाओं व किशोरियों को सेनेटरी पैड वितरित किए। इसके साथ ही उन्हें बताया गया कि कैसे मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का ध्यान न रखने पर गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इस मौके पर एक संवादात्मक जागरूकता सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें महिलाओं को मासिक धर्म से जुड़ी सामान्य जानकारी, मानसिक और शारीरिक परिवर्तन, सामाजिक रूढ़ियों का वैज्ञानिक समाधान तथा आत्म-सम्मान और स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से बताया गया। संस्था के संस्थापक अनुराग सिंह ने कहा, मासिक धर्म कोई शर्म का विषय नहीं है, बल्कि यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। हमारी कोशिश है कि महिलाएं बिना झिझक के इस विषय पर बात करें और अपने स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखें। नमस्कार ह्यूमैनिटी वेलफेयर सोसाइटी का यह सराहनीय प्रयास निश्चित रूप से समाज में एक सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक मजबूत कदम है, जहाँ महिलाएं जानकारी से सशक्त होकर स्वच्छ और सम्मानजनक जीवन जी सकें।
संवाददाता पंकज कुमार गुप्ता जालौन उत्तर प्रदेश