
देश में कोरोना के मरीजों की संख्या 56 लाख 40 हजार 496 हो गई है। उधर, अच्छी खबर यह है कि पिछले पांच दिनों से नए मरीज की तुलना में लोग ज्यादा स्वस्थ हो रहे हैं। मंगलवार को 80 हजार 321 मरीज मिले, जबकि 87 हजार 7 लोग ठीक हो गए। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।
मंगलवार को 1056 लोगों ने दम तोड़ा। इस तरह मरने वालों की संख्या 90 हजार 21 हो चुकी है, लेकिन अच्छी खबर यह है कि हमारे देश में आबादी के अनुपात में कम मौतें हो रही हैं। प्रति 10 लाख की आबादी में भारत में 62 मरीज दम तोड़ रहे हैं, जबकि ब्राजील में सबसे ज्यादा 642 और अमेरिका में 615 हैं।
5 दिनों से नए मरीज की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या ज्यादा
तारीख | नए मरीज | ठीक हुए लोग |
18 सितंबर | 92,969 | 95,512 |
19 सितंबर | 92,574 | 94,384 |
20 सितंबर | 87,392 | 92,926 |
21 सितंबर | 74,493 | 1,02,070 |
22 सितंबर | 80,321 | 87,007 |


पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
राज्य में मंगलवार को 2544 नए संक्रमित मिले, जबकि 28 मरीजों ने दम तोड़ दिया। नए संक्रमितों में मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया, हरदीप सिंह डंग और भीकनगांव से कांग्रेस विधायक झूमा सोलंकी भी शामिल हैं। इन्हें मिलाकर अब तक सरकार के 13 मंत्री और पक्ष-विपक्ष के 44 विधायक संक्रमित हो चुके हैं।
सितंबर के आंकड़ों पर गौर करें तो पता चलता है कि इस माह प्रदेश में हर दिन औसतन 29 मौतें हुई हैं। कुल मौतों (2035) में से 31.5% सिर्फ बीते 22 दिन में हुई हैं। यह किसी एक महीने में अब तक की सर्वाधिक कोरोना मौतें हैं।
चिंता की बात यह है कि मंगलवार को संक्रमण दर में फिर बढ़ोतरी हुई। पिछले 24 घंटे में 17 हजार 698 सैंपल की जांच हुई। संक्रमण की दर 14.3% रही। जबकि सोमवार को यह 11.5% थी। पिछले चार दिनों में 10 हजार 253 नए मरीज मिले।

2. राजस्थान
राज्य में 24 घंटे के अंदर 1,912 नए केस मिले। 1528 लोग ठीक हुए और 15 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 18 हजार 793 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 98 हजार 812 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 18 हजार 614 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते 1,367 लोगों की मौत हो चुकी है।

3. बिहार
राज्य में 24 घंटे में 1,609 नए केस बढ़े, जबकि 1,232 लोग ठीक हो गए। 3 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। अब तक 1 लाख 71 हजार 465 लोग संक्रमित हो चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 1 लाख 57 हजार 56 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13 हजार 535 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 873 लोगों की मौत हो चुकी है।

4. महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को संक्रमितों से ज्यादा लोग ठीक हुए। 24 घंटे में जहां 18 हजार 390 नए मामले सामने आए, वहीं रिकॉर्ड 20 हजार 206 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। राज्य में अब तक 12 लाख 42 हजार 770 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 9 लाख 36 हजार 554 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2 लाख 72 हजार 410 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

5. उत्तरप्रदेश
राज्य में मंगलवार को 5650 नए केस सामने आए। वहीं, 6589 मरीज रिकवर हुए। प्रदेश में अब तक 3 लाख 64 हजार 543 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 96 हजार 183 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 63 हजार 148 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 5,212 मरीजों की मौत हो चुकी है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
source https://www.bhaskar.com/national/news/coronavirus-outbreak-india-cases-live-news-and-updates-23-september-2020-127746113.html